विजिलेंस ब्यूरो ने कसा शिकंजा, रिश्वत मामले में डीआईजी इंदरबीर सिंह नामजद
वंदे भारत- पंजाब पुलिस के उप महानिरीक्षक (डीआईजी) इंदरबीर सिंह को विजिलेंस ब्यूरो ने भ्रष्टाचार के दो मामलों में नामजद कर लिया है। इंदरबीर सिंह इस समय पंजाब आर्म्ड पुलिस (पीएपी) जालंधर में तैनात हैं।वह जब फिरोजपुर के डीआईजी थे, उस दौरान उन पर नशा तस्कर को छोड़ने के लिए 10 लाख रुपये लेने और एक सब इंस्पेक्टर से 23 लाख रुपये रिश्वत के लेने के आरोप लगे थे। अब उन्हें दोनों मामलों में नामजद कर लिया गया है।

पिछले साल जुलाई में विधानसभा हलका खेमकरण के गांव बोपाराय निवासी नशा तस्कर पिशोरा सिंह के मामले को रफा-दफा करने के लिए विजिलेंस ने 10 लाख की रिश्वत लेने के मामले में फरीदकोट के डीएसपी लखबीर सिंह संधू को गिरफ्तार किया था। इसके बाद विजिलेंस ब्यूरो के डीआइजी राहुल कुमार, अमृतसर के एसएसपी वरिंदर सिंह संधू और फिरोजपुर के एसएसपी गुरमीत सिंह की तीन सदस्यों वाले विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया गया था। विजिलेंस ने डीएसपी लखबीर संधू को गोइंदवाल साहिब की जेल से प्रोडक्शन वारंट पर लेकर पूछताछ की तो जांच टीम के हाथ मोबाइल की कुछ रिकॉर्डिंग लगी थी।

मुझे नहीं पता, नामजद किया गया है…
डीआईजी इंदरबीर सिंह ने कहा कि उनको नहीं पता कि भ्रष्टाचार के केस में उनको नामजद किया गया है। इन केसों की जांच चल रही है और मामले अदालत में भी है।

