news

एनआरआई सभा पंजाब के प्रधान पद के लिए वोटिंग शुरू, जाली वोटिंग का आरोप लगा पूर्व प्रधान धरने पर बैठे

एनआरआई सभा पंजाब के प्रधान पद के लिए वोटिंग शुरू,
जाली वोटिंग का आरोप लगा पूर्व प्रधान धरने पर बैठे

वंदे भारत- नआरआई सभा पंजाब के पिछले दो सालों से खाली पड़े प्रधान पद को लेकर शुक्रवार सुबह 9 बजे मतदान शुरू हो गया है जो शाम 5 बजे तक होगा। नतीजे शाम 6 बजे घोषित किए जाएंगे। मतदान के दौरान प्रधान पद के उम्मीदवार जसवीर गिल (2013 में प्रधान रह चुके हैं) ने चुनाव में जाली वोटिंग करवाने को लेकर प्रशासन पर आरोप लगाया और धरने पर बैठ गए। उन्होंने कहा कि प्रशासन की मिली भगत से 5 से 6 वोट जाली डाले जा चुके हैं जिन्हें बिना पासपोर्ट और कार्ड चेक किए अंदर भेजा गया था।

गिल ने कहा कि सिर्फ वही वोट डाले जा रहे हैं, जिनका संबंध जालंधर से हैं। मगर ऐसा कोई भी कानून नहीं है। गिल ने कहा कि जब इसे लेकर अधिकारियों से बातचीत की गई तो उन्होंने कहा कि यहां सिर्फ जालंधर के वोटरों को वोट देने की अनुमति है। इसके बाद मौके पर मौजूद एसीपी सेंट्रल निर्मल सिंह ने कहा कि सुरक्षा के इंतजाम कड़े हैं सभी को चेक कर ही अंदर भेजा जा रहा है जाली वोटिंग होना असंभव है।

चुनाव में सभा के कुल 23 हजार 600 एनआरआई मतदाता वोटर हैं, प्रधान बनने की दौड़ में जसबीर गिल और परविंदर कौर का नाम शामिल है। परविंदर कौर को आप के समर्थन की जानकारी सामने आ रही है। चुनाव में तीन उम्मीदवार मैदान में थे जिसमें सभा के पूर्व प्रधान रहे कमलजीत हेयर ने मतदान से एक दिन पहले चुनाव में भाग लेने से अपना नाम वापस ले लिया था।

एनआरआई सभा पंजाब के चुनाव में रिटर्निंग अफसर एडीसी डॉ. अमित कुमार की देखरेख में रिहर्सल भी की गई थी इस दौरान उनके साथ साथ एसडीएम और तहसीलदार सहित अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे। साथ ही साथ वोटिंग और काउंटिंग का भी डमी रिहर्सल पहले ही हो चुका है। एनआरआई सभा के चुनाव के लिए कमिश्नरेट पुलिस द्वारा एनआरआई सभा के ऑफिस के आसपास और अंदर भारी सुरक्षा तैनात की गई है। सुरक्षा के लिए मेटल डिटेक्टर सहित अन्य सुरक्षा प्रबंध भी किए जा चुके हैं। पुलिस सुरक्षा के साथ साथ मौके पर प्रशासनिक अधिकारी और तहसीलदारों की भी तैनात किया गया है। सभी एनआरआईज को उनके कार्ड देखकर ही अंदर एंट्री दी जा रही है।