news

पाकिस्तान में क्या हो रहा है? जीतते-जीतते हारने लगी इमरान खान की पार्टी, ‘गायब’ हुए मुख्य चुनाव आयुक्त

पाकिस्तान में क्या हो रहा है? जीतते-जीतते हारने लगी इमरान खान की पार्टी
गायब’ हुए मुख्य चुनाव आयुक्त

वंदे भारत- ( जतिन चौहान ) पाकिस्तान में आम चुनाव के बाद वोटों की गिनती जारी है। मतदान खत्म होने के 15 घंटे बाद भी चुनाव के स्पष्ट नतीजे नहीं आए हैं। अनौपचारिक और अपुष्ट रुझानों में इमरान खान की पार्टी द्वारा समर्थित उम्मीदवार बड़ी बढ़त बनाते हुए दिख रहे हैं।

लेकिन चुनाव परिणाम कुछ और आंकड़े दिखा रहे हैं।

पाकिस्तान मीडिया के मुताबिक मतगणना के दौरान सामने आ रहे नतीजों पर सवाल उठने लगे हैं। दरअसल, आमतौर पर पाकिस्तान में चुनाव के बाद ही मतगणना शुरू हो जाती है, जो कि इस बार भी हुआ, लेकिन वोटिंग खत्म होने 8 से 9 घंटे के बाद चुनाव परिणाम आ जाते थे।

लेकिन चुनाव खत्म होने के 16 घंटे बाद भी कुछ ही सीटों के परिणाम आ पाए हैं। शुरुआत में जिन सीटों पर इमरान खान की पार्टी जीत का दावा कर रही थी, अब उन सीटों पर चुनाव आयोग नवाज शरीफ की पार्टी PML-N को बढ़त दिखा रहा है।

सोशल मीडिया पर ये दावा किया जा रहा है कि पाकिस्तान के मुख्य चुनाव गायब हो गए हैं। इस दावे ने पाकिस्तान में चुनावी धांधली की आशंका बढ़ा दी है। इससे पहले मुख्य चुनाव आयुक्त सिकंदर सुल्तान राजा ने सभी रिटर्निंग ऑफिसर (RO) को आखिरी परिणाम देने के लिए 30 मिनट की समय सीमा दी थी। उन्होंने कहा था कि ऐसा ना करने पर निलंबन की कार्रवाई की जाएगी। इस बीच जेल में बंद इमरान खान ने अपनी पार्टी की जीत का दावा किया है। वहीं, PTI के नेताओं ने आरोप लगाया है कि चुनाव आयोग जानबूझकर वोटों की गिनती में देरी कर रही है, ताकि धांधली की जा सके।

PTI ने ट्विटर पर पोस्ट कर अपने समर्थकों से कहा है कि दुनिया को बताएं कि पाकिस्तान के लोगों का स्पष्ट और भारी जनादेश चुराया जा रहा है। प्रत्येक स्वतंत्र परिणाम में पीटीआई को भारी बहुमत से जीतते दिखाया गया है लेकिन फैसला आने में देरी की जा रही है।