news

I-N-D-I-A में शामिल दलों ने दिखाए तेवर तो नरम पड़ी कांग्रेस, सीट शेयरिंग पर शुरू की बात

I-N-D-I-A में शामिल दलों ने दिखाए तेवर तो नरम पड़ी कांग्रेस,
सीट शेयरिंग पर शुरू की बात

वंदे भारत- विपक्षी गठबंधन I-N-D-I-A में अभी तक सीट शेयरिंग पर बात नहीं बन पाई है। वहीं दूसरी तरफ से 14 जनवरी से कांग्रेस की भारत जोड़ो न्याय यात्रा शुरू होगी। इस यात्रा को लेकर विपक्षी दलों के नेता साफ कर चुके हैं कि इंडी गठबंधन में जितनी जल्दी सीट शेयरिंग पर बात बन जाए, उतना अच्छा है। सपा प्रमुख अखिलेश यादव तो यहां तक कह चुके हैं कि जबतक सीट शेयरिंग पर फैसला नहीं होता, तबतक सपा इंडी गठबंधन के कार्यक्रम में हिस्सा नहीं लेगी, क्योंकि सीट शेयरिंग जरूरी है।

विपक्षी गठबंधन में साथी दलों के तेवर को देखते हुए अब कांग्रेस ने सीट शेयरिंग पर बातचीत शुरू कर दी है। हालांकि यह कुछ राज्यों को लेकर है। इसकी शुरूआत पंजाब से देखी जा रही है। जानकारी है कि आज (8 जनवरी) से पंजाब और दिल्ली में आम आदमी पार्टी के साथ सीट शेयरिंग पर चर्चा शुरू होगी। इस बीच I-N-D-I-A गठबंधन सीट बंटवारे पर AAP सांसद संदीप पाठक ने कहा, “जितने भी महत्वपूर्ण राज्य हैं जहां हमारे निर्वाचित प्रतिनिधि हैं हम उन सभी राज्यों पर चर्चा करेंगे। सभी घटक दल गंभीर हैं जितनी जल्दी सीट शेयरिंग हो जाए उतना अच्छा रहेगा।”

हालांकि सीट बंटवारे को लेकर भले ही कवायद शुरू हो चुकी हो लेकिन यह इतना आसान नहीं है। ऐसा इसलिए भी क्योंकि कांग्रेस को अधिकतर राज्यों में क्षेत्रीय पार्टियों से तालमेल बिठाना होगा। लेकिन इसमें क्षेत्रीय पार्टियों की मांग कांग्रेस को परेशान कर सकती हैं। हालांकि कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे का कहना है कि इस महीने के अंत तक इस मसले का हल निकाल लिया जाएगा। 6 जनवरी को कांग्रेस अध्यक्ष खरगे ने कहा था कि ‘इंडिया’ के घटक दलों के नेता विपक्षी गठबंधन के पदाधिकारियों पर चयन के संबंध में 10-15 दिन के भीतर निर्णय लेंगे।