कांग्रेस के 6 बागी विधायक BJP में होंगे शामिल? अमित शाह से मुलाकात के बाद बदले समीकरण
वंदे भारत(हर्ष शर्मा) हिमाचल प्रदेश में लोकसभा चुनाव से पहले सियासी भूचाल आया हुआ है। राज्यसभा चुनाव के दौरान क्रॉस वोटिंग की वजह से सत्ता में होने के बाद भी मिली हार से कांग्रेस में बौखलाहट है।अब ऐसी जानकरी निकल कर सामने आ रही है कि कांग्रेस के बागी विधायक भारतीय जनता पार्टी में शामिल होने वाले हैं।
कांग्रेस के 6 बागी विधायकों से गुरुवार की शाम केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने मुलाकात की। ऐसे कयास लगाए जा रहे हैं कि कांग्रेस के बागी विधायक बीजेपी ज्वाइन कर सकते हैं। सभी ने अपनी अयोग्यता के खिलाफ SC में दायर याचिका को भी वापस ले सकते हैं।
जयराम ठाकुर ने बागी विधायकों पर क्या कहा था?
शिमला में मंगलवार को नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने प्रेस कॉन्फ्रेंस की और कहा कि कांग्रेस के बागी विधायकों को भाजपा पूरा मान-सम्मान देगी। जयराम बोले, “बागियों को उपचुनाव में टिकट देने पर पार्टी हाईकमान फैसला लेगा।इस दौरान जब उनसे पूछा गया कि कांग्रेस के बागियों को टिकट देने पर भाजपा का कैडर नाराज हो जाएगा तो जयराम ने कहा, “भाजपा का कैडर नाराज नहीं होता है। यह हमारे घर का मामला है और हम इसे देख लेंगे। कांग्रेस के बागियों ने बड़ा कदम उठाया है। राज्यसभा चुनाव में भाजपा प्रत्याशी की जीत में उनके योगदान को देखते हुए सही निर्णय लिया जाएगा।
क्यों याचिका को वापस लेने पर हो रहा विचार
मिली जानकारी के अनुसार कांग्रेस के छह पूर्व विधायक सुप्रीम कोर्ट से अपनी याचिका वापस लेने पर विचार कर रहे हैं जिसमें उन्होंने विधानसभा से अयोग्य ठहराए जाने के हिमाचल प्रदेश अध्यक्ष के आदेश को चुनौती दी है।पूर्व विधायकों के करीबी एक उच्च पदस्थ सूत्र ने कहा कि अदालत से याचिका वापस लेने का कदम उठाया जा रहा है क्योंकि वे 1 जून को होने वाले विधानसभा उपचुनाव उन सीटों से लड़ना चाहते हैं जो उनकी अयोग्यता के बाद खाली हो गई हैं।शीर्ष अदालत ने उनकी याचिका को 6 मई को सुनवाई के लिए सूचीबद्ध किया है। 18 मार्च को, अदालत ने उन विधायकों को अयोग्य ठहराने के स्पीकर कुलदीप सिंह पठानिया के आदेश पर रोक लगाने से इनकार कर दिया, जिन्होंने पहाड़ी राज्य में हाल के राज्यसभा चुनाव में क्रॉस वोटिंग की थी।
न्यायमूर्ति संजीव खन्ना की अध्यक्षता वाली पीठ ने सॉफिस को नोटिस जारी किया था और चार सप्ताह के भीतर जवाब मांगा था। शीर्ष अदालत ने कहा था कि उनकी याचिका पर फैसला आने तक अयोग्य विधायकों को मतदान करने या विधानसभा की कार्यवाही में भाग लेने की अनुमति नहीं दी जाएगी।
