वोटर लिस्ट मामले में सोनिया गांधी ने मांगा समय
6.. jan..नई दिल्ली। राउज एवेन्यू कोर्ट में कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी से जुड़े वोटर लिस्ट मामले की सुनवाई हुई। इस दौरान कांग्रेस की ओर से अदालत से विस्तृत जवाब दाखिल करने के लिए अतिरिक्त समय की मांग की गई। वरिष्ठ अधिवक्ता ने दलील दी कि मामला काफी पुराना है और इससे जुड़े रिकॉर्ड भी पुराने हैं, जिन्हें एकत्र कर जांचने में समय लगेगा।
यह याचिका अधिवक्ता विकास त्रिपाठी की ओर से दायर की गई है। याचिका में आरोप लगाया गया है कि सोनिया गांधी ने भारतीय नागरिकता प्राप्त करने से पहले एक विशेष अवधि में मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज कराया और वोट दिया। इसी को लेकर अदालत में मामला विचाराधीन है।
सुनवाई के दौरान कांग्रेस की ओर से पेश वकील ने कहा कि आरोपों का तथ्यों के आधार पर जवाब देना आवश्यक है, जिसके लिए दस्तावेजों की गहन पड़ताल जरूरी है। उन्होंने अदालत को बताया कि संबंधित रिकॉर्ड कई वर्ष पुराने हैं और अलग-अलग विभागों से जुटाने होंगे। ऐसे में जल्दबाजी में जवाब देना उचित नहीं होगा।
अदालत ने दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद कांग्रेस की मांग को स्वीकार करते हुए अगली सुनवाई की तारीख 7 फरवरी तय की है। कोर्ट ने स्पष्ट किया कि अगली सुनवाई में इस मामले में विस्तृत जवाब दाखिल किया जाना चाहिए।
इस मामले को लेकर राजनीतिक हलकों में भी चर्चा तेज है। विपक्ष इसे गंभीर मुद्दा बता रहा है, वहीं कांग्रेस का कहना है कि यह मामला पूरी तरह कानूनी है और तथ्यों के आधार पर अदालत में अपना पक्ष रखा जाएगा। अब 7 फरवरी को होने वाली सुनवाई पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं।

