breakingCrimeJalandharPoliticsPunjab

महिला नशा तस्कर के घर पर चला प्रशासन का पीला पंजा, एनडीपीएस एक्ट के 3 केस दर्ज

25,OCTOBER

JALANDHAR : जालंधर में नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत प्रशासन ने आज एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया। नगर निगम और पुलिस की संयुक्त टीम ने नशा तस्करी के मामलों में आरोपित महिला मंजीत कौर उर्फ पंबो के घर पर पीला पंजा (जेसीबी) चलाकर अवैध निर्माण को ध्वस्त कर दिया।

जानकारी के अनुसार, मंजीत कौर उर्फ पंबो पर एनडीपीएस एक्ट के तहत तीन अलग-अलग मामले दर्ज हैं। फिलहाल वह जमानत पर बाहर है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, मंजीत कौर पर लंबे समय से नशे की सप्लाई चेन से जुड़े होने के आरोप लगते रहे हैं। प्रशासन ने उसके खिलाफ कई बार नोटिस जारी किए थे, लेकिन उसने किसी भी नोटिस का जवाब नहीं दिया और न ही अवैध निर्माण को हटाने की दिशा में कोई कदम उठाया।

आज सुबह नगर निगम के अधिकारी पुलिस बल के साथ मंजीत कौर के घर पहुंचे। पहले इलाके को घेराबंदी में लिया गया, इसके बाद अवैध हिस्से को मशीनों की मदद से तोड़ दिया गया। कार्रवाई के दौरान भारी संख्या में पुलिस बल मौके पर तैनात रहा ताकि किसी भी तरह की अव्यवस्था न हो सके।

नगर निगम अधिकारियों ने बताया कि यह कार्रवाई प्रशासन द्वारा नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान का हिस्सा है। उन्होंने कहा कि ऐसे लोगों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा जो समाज को नशे की दलदल में धकेल रहे हैं।

पुलिस का कहना है कि इस तरह की सख्त कार्रवाइयों से नशा कारोबारियों को साफ संदेश दिया जा रहा है कि अब कोई भी कानून से ऊपर नहीं है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि आने वाले दिनों में ऐसे और भी अवैध निर्माणों को ढहाया जाएगा जो नशा तस्करी या अपराध से जुड़े व्यक्तियों के हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *