ट्रक-बोलेरो की आमने-सामने टक्कर; 6 मजदूरों की मौत, 7 घायल
गोंदिया: महाराष्ट्र के गोंदिया जिले में महाराष्ट्र-मध्य प्रदेश स्टेट हाईवे पर नागरा गांव के पास देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार ट्रक और बोलेरो की आमने-सामने की जोरदार टक्कर में 6 मजदूरों की मौत हो गई, जबकि 7 लोग घायल हो गए। घायलों में 3 की हालत गंभीर बताई जा रही है।

जानकारी के मुताबिक, मध्य प्रदेश के बालाघाट जिले से मजदूरों का एक समूह परिवार के साथ काम की तलाश में हैदराबाद जा रहा था। सभी लोग बोलेरो (MP-15 T-3495) में सवार थे। रात करीब 11:30 बजे नागरा गांव के पास विपरीत दिशा से आ रहे ट्रक (MH-35 AJ-2547) ने बोलेरो को सामने से जोरदार टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी भीषण थी कि बोलेरो बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और कई लोग वाहन के अंदर फंस गए। हादसे की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण और राहगीर मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही गोंदिया ग्रामीण पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। राहत और बचाव अभियान चलाकर घायलों को बाहर निकाला गया। कई शवों और घायलों को निकालने के लिए गैस कटर का इस्तेमाल करना पड़ा। सभी को जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने 6 लोगों को मृत घोषित कर दिया।
हादसे के मामले में घायल राजेंद्र शिवचरण पंधारे के बयान के आधार पर गोंदिया ग्रामीण पुलिस ने ट्रक चालक मोहसिन खान (32) के खिलाफ BNS की संबंधित धाराओं और मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 184 के तहत मामला दर्ज किया है।
पुलिस इंस्पेक्टर वैभव पवार की देखरेख में मामले की जांच की जा रही है। हादसे के बाद इलाके में शोक का माहौल है।

