Uncategorized

उधार से इनकार बना जानलेवा: जालंधर में नशेड़ियों का हमला, खोखा तोड़ा

30,DECEMBER JALANDHAR शहर के बूटा पिंड इलाके में गुंडागर्दी का नंगा नाच देखने को मिला, जहां नशे में धुत युवकों ने एक खोखे की दुकान पर तेजधार हथियारों से हमला कर जमकर तोड़फोड़ की। हमलावरों ने दुकानदार और वहां काम कर रही महिला पर भी हमला किया और वारदात को अंजाम देने के बाद मौके से फरार हो गए। पूरी घटना से इलाके में दहशत का माहौल है।

पीड़ित परिवार ने बताया कि देर रात 4 से 5 युवक सिगरेट लेने आए थे। उधार देने से मना करने पर आरोपी भड़क गए और दातर जैसे तेजधार हथियारों से खोखे पर हमला कर दिया। हमले में दुकान का सारा सामान बिखर गया। पीड़ित महिला ने रोते हुए बताया कि आरोपी युवक नशे की हालत में थे और पहले भी उधार लेकर पैसे नहीं लौटाते थे।

घटना की सूचना तुरंत पुलिस को दी गई, लेकिन परिवार का आरोप है कि पुलिस करीब आधे घंटे बाद मौके पर पहुंची और बिना कोई कार्रवाई किए यह कहकर चली गई कि अगर आरोपी दोबारा आएं तो सूचना दें। पीड़ितों का कहना है कि हमलावर पहले ही जान से मारने की नीयत से हमला कर चुके थे, ऐसे में उनके दोबारा आने का इंतजार करना उनकी जान के लिए खतरा हो सकता है।

पीड़ित परिवार ने पुलिस प्रशासन पर गंभीर लापरवाही के आरोप लगाए हैं और मांग की है कि आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। घटना ने एक बार फिर शहर में बढ़ती गुंडागर्दी और नशाखोरी पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *