फगवाड़ा में कानून-व्यवस्था बेबस! ढाबे पर जमकर तोड़फोड़, हवाई फायरिंग से फैली दहशत
30.DEEMBER फगवाड़ा। कपूरथला जिले के फगवाड़ा में शुक्रवार देर रात उस समय हड़कंप मच गया, जब होशियारपुर रोड पर स्थित गांव खुर्रमपुर के प्रसिद्ध सरपंच चिकन एंड फिश प्वाइंट पर कुछ युवकों ने जमकर उत्पात मचाया। जानकारी के अनुसार, ढाबे पर खाना खाने आए कुछ युवक आपस में झगड़ने लगे। जब ढाबा मालिक और रसोईये ने बीच-बचाव कर उन्हें शांत कराने की कोशिश की, तो आरोपी उग्र हो गए और रसोईये के साथ मारपीट शुरू कर दी।

आरोप है कि हमलावरों ने ढाबे में तोड़फोड़ करते हुए कुर्सियां, टेबल, फ्लैक्स बोर्ड और सीसीटीवी कैमरे क्षतिग्रस्त कर दिए। इतना ही नहीं, आरोपियों ने ढाबे के बाहर सड़क पर कई राउंड हवाई फायरिंग कर इलाके में दहशत फैला दी। पूरी वारदात ढाबे में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई, जिसकी फुटेज पुलिस को सौंप दी गई है।
ढाबा मालिक मंजोत सिंह ने बताया कि हमलावरों ने तेजधार हथियारों से ढाबे के गेट पर भी वार किए और उन्हें व स्टाफ को जान से मारने की धमकियां दीं। सूचना मिलने पर थाना सदर फगवाड़ा पुलिस ने जसकरन, प्रशांत, पारस, कुणाल सहित अन्य अज्ञात युवकों के खिलाफ बीएनएस की विभिन्न धाराओं और आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
घटना के बाद इलाके में डर का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि फगवाड़ा में लगातार हो रही फायरिंग की घटनाएं कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर रही हैं।

