दिल्ली मेट्रो में हंगामा: धक्का-मुक्की के बाद दो लड़कियों में जबरदस्त भिड़ंत, यात्रियों में दहशत
23..दिसंबर..दिल्ली मेट्रो एक बार फिर विवाद का केंद्र बन गई, जब चलती ट्रेन के अंदर दो युवतियों के बीच तीखी झड़प देखने को मिली। बताया जा रहा है कि मामूली धक्का-मुक्की से शुरू हुआ विवाद कुछ ही पलों में गाली-गलौज और हाथापाई में बदल गया। यह घटना भीड़भाड़ वाले कोच में हुई, जहां मौजूद यात्री अचानक हुए इस हंगामे से सहम गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मेट्रो के दरवाजे के पास खड़े होने को लेकर दोनों लड़कियों में पहले बहस हुई। इसके बाद एक-दूसरे को धक्का देने का आरोप लगा और देखते ही देखते दोनों आपस में भिड़ गईं। हाथ पकड़कर झटकना, जोर-जोर से चिल्लाना और अपशब्द कहने का सिलसिला कुछ देर तक चलता रहा। आसपास खड़े यात्रियों ने बीच-बचाव की कोशिश की, लेकिन गुस्से में भरी दोनों युवतियां किसी की सुनने को तैयार नहीं थीं।
घटना का वीडियो किसी यात्री ने अपने मोबाइल में रिकॉर्ड कर लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो वायरल होते ही दिल्ली मेट्रो की सुरक्षा व्यवस्था और यात्रियों के व्यवहार पर सवाल उठने लगे हैं।
दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (DMRC) की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है, लेकिन अधिकारियों का कहना है कि वायरल वीडियो की जांच की जा रही है। लगातार मेट्रो में हो रही ऐसी घटनाएं यात्रियों की सुरक्षा और अनुशासन पर गंभीर चिंता पैदा कर रही हैं।

