India

पीएम मोदी आज हिमाचल और पंजाब का दौरा करेंगे, बाढ़ प्रभावित इलाकों का करेंगे हवाई सर्वेक्षण

वन्दे भारत 24 : पंजाब इस समय दशकों की सबसे भीषण बाढ़ से जूझ रहा है। अधिकारियों के मुताबिक अब तक राज्य में 46 लोगों की मौत हो चुकी है। वहीं हिमाचल प्रदेश में 20 जून से 8 सितंबर के बीच भारी बारिश, बादल फटने, फ्लैश फ्लड और भूस्खलन की घटनाओं में 370 लोगों ने अपनी जान गंवाई है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज हिमाचल प्रदेश और पंजाब का दौरा करेंगे। वह इन राज्यों में बाढ़ग्रस्त क्षेत्रों का हवाई सर्वेक्षण करेंगे और राहत व पुनर्वास कार्यों की समीक्षा करेंगे।

सूत्रों के अनुसार, पीएम मोदी उप-राष्ट्रपति चुनाव में मतदान करने के बाद दोपहर में दिल्ली से रवाना होंगे और पठानकोट एयरबेस पहुंचेंगे। यहां से वह सबसे पहले हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले जाएंगे, जहां बाढ़ और भूस्खलन से प्रभावित इलाकों का हवाई सर्वे करेंगे। इसके बाद वह पंजाब का रुख करेंगे और प्रभावित क्षेत्रों का आकलन करेंगे।

शाम लगभग 4:15 बजे प्रधानमंत्री का गुरदासपुर स्थित तिबरी आर्मी स्टेशन पहुंचने का कार्यक्रम है। यहां वह स्थानीय लोगों और सैन्य अधिकारियों से मुलाकात करेंगे, जमीनी हालात की जानकारी लेंगे और प्रभावित नागरिकों से भी संवाद करेंगे।

पंजाब में तबाही
राज्य में आई बाढ़ ने किसानों को भी गहरी चोट पहुंचाई है। अब तक लगभग 1.75 लाख हेक्टेयर कृषि भूमि पर खड़ी फसलें पूरी तरह नष्ट हो चुकी हैं। बाढ़ की गंभीर स्थिति सतलुज, ब्यास और रावी नदियों के उफान के साथ-साथ छोटी मौसमी नदियों से उत्पन्न हुई है। इन नदियों का जलस्तर हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर में हुई भारी बारिश के कारण लगातार बढ़ रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *