प्रभास की फिल्म ‘द राजा साब’ की स्क्रीनिंग में आग, बड़ा हादसा टला
11..jan..ओडिशा में सुपरस्टार प्रभास की आने वाली फिल्म ‘द राजा साब’ की एक विशेष स्क्रीनिंग के दौरान उस वक्त हड़कंप मच गया, जब सिनेमाहॉल में आग लग गई। यह घटना फिल्म को लेकर फैंस के जबरदस्त उत्साह के बीच हुई। बताया जा रहा है कि कुछ प्रशंसक थाली में दीप जलाकर आरती कर रहे थे। इसी दौरान एक थाली हाथ से फिसलकर नीचे गिर गई, जिससे आग फैल गई और कुछ ही पलों में धुआं उठने लगा।
आग लगते ही थिएटर में मौजूद दर्शकों में अफरा-तफरी मच गई। हालांकि फैंस और स्टाफ की सूझबूझ से बड़ा हादसा टल गया। लोगों ने तुरंत गमछे, शर्ट और अन्य कपड़ों की मदद से आग बुझाने की कोशिश की। कुछ ही देर में आग पर काबू पा लिया गया और किसी के गंभीर रूप से घायल होने की सूचना नहीं है।

इस स्क्रीनिंग के दौरान फैंस का उत्साह अलग ही स्तर पर नजर आया। रिपोर्ट्स के मुताबिक, कुछ प्रशंसक प्रचार के लिए मगरमच्छ तक लेकर पहुंच गए, जिसे देखकर लोग हैरान रह गए। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल खड़े हुए हैं कि आखिर इस तरह की चीजें सिनेमाघर तक कैसे पहुंचीं।
वहीं, फिल्म ‘द राजा साब’ को लेकर विवाद भी सामने आए। दर्शकों के एक वर्ग ने आरोप लगाया कि फिल्म के कुछ सीन काटे गए हैं, जिससे कहानी प्रभावित हुई है। इन कटे सीन को लेकर सोशल मीडिया पर भी चर्चा तेज हो गई है।
घटना के बाद प्रशासन और थिएटर प्रबंधन ने सुरक्षा मानकों की समीक्षा की बात कही है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।


