मोगा में कोहरे का कहर: दो ट्रालों के बीच फंसा बाइक सवार, दर्दनाक मौत; तीन लोग गंभीर घायल
27.दिसंबर.मोगा: पंजाब में लगातार पड़ रहे घने कोहरे ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया है। कोहरे के कारण दृश्यता (विजिबिलिटी) लगभग शून्य हो चुकी है, जिसके चलते सड़क हादसों में लगातार इजाफा देखने को मिल रहा है। इसी कड़ी में मोगा जिले के कस्बा कोट ईसे खां के पास दाना मंडी के नजदीक बुधवार सुबह एक भीषण सड़क हादसा हो गया, जिसमें एक मोटरसाइकिल सवार की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार यह हादसा सुबह करीब 8 बजे मोगा रोड पर हुआ। सड़क किनारे दूध से भरा एक ट्राला कंडा करवाने के लिए सड़क पर ही खड़ा था, जिससे यातायात बाधित हो गया। घने कोहरे के कारण आगे का दृश्य स्पष्ट नहीं दिख रहा था और ट्रैफिक अचानक रुक गया। इसी दौरान पीछे से आ रहे एक मोटरसाइकिल सवार को भी मजबूरन रुकना पड़ा।

इसी बीच पीछे से तेज रफ्तार में आ रहा बजरी से भरा घोड़ा-ट्राला कोहरे के कारण खड़े ट्राले को समय रहते नहीं देख सका और सीधे उसमें जा टकराया। इस टक्कर के दौरान दोनों ट्रालों के बीच खड़े मोटरसाइकिल सवार को भी जोरदार टक्कर लगी, जिससे वह बुरी तरह कुचल गया। हादसा इतना भयावह था कि बाइक सवार की मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे के बाद स्थिति और भी गंभीर हो गई जब पीछे से आ रही एक कार भी कोहरे के कारण नियंत्रण खो बैठी और दूसरे ट्राले से जा टकराई। इस टक्कर में कार सवार तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। घायलों की हालत चिंताजनक बताई जा रही है।

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर जमा हो गए और पुलिस को सूचित किया गया। सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। साथ ही घायलों के बयान दर्ज कर हादसे की जांच शुरू कर दी गई है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि प्रथम दृष्टया हादसे का मुख्य कारण घना कोहरा और सड़क पर खड़ा ट्राला प्रतीत हो रहा है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि कोहरे के दौरान वाहन चलाते समय विशेष सावधानी बरतें, धीमी गति से चलें और सड़क पर बिना चेतावनी के वाहन खड़ा न करें, ताकि ऐसे दर्दनाक हादसों से बचा जा सके।


