20 फ़रवरी को जालंधर के अवतार नगर स्थित छाबड़ा जनरल स्टोर से 35 हजार रुपये की नकदी चोरी, घटना सीसीटीवी में कैद।
जालंधर: महानगर में चोरी की वारदातें लगातार बढ़ती जा रही हैं। ताजा मामला अवतार नगर इलाके से सामने आया है, जहां देर रात चोरों ने छाबड़ा जनरल स्टोर को निशाना बनाते हुए दुकान से नकदी चोरी कर ली। पूरी घटना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई है।
पीड़ित पक्ष के अनुसार, रात करीब 3:30 बजे एक चोर दुकान का ताला तोड़कर अंदर घुसा और सीधे तिजोरी की ओर बढ़ा। तिजोरी में मंडी भुगतान के लिए रखे गए 35 हजार रुपये चोर लेकर फरार हो गया।
दुकानदार के बेटे युवी ने बताया कि सुबह करीब 7:30 बजे जब उसके पिता दुकान खोलने पहुंचे तो ताले टूटे हुए मिले। इसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई।
मामले की शिकायत थाना भार्गव कैंप में दर्ज करवाई गई है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है और दो संदिग्ध व्यक्तियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
पीड़ित ने कहा कि सड़क पर आवाजाही होने के बावजूद इस तरह की घटना होना चिंता का विषय है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस रोड पर पहले भी कई चोरी की घटनाएं हो चुकी हैं। पुलिस का कहना है कि दुकानदार के बयान दर्ज कर लिए गए हैं और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

