breaking

ट्रैवलर और फॉर्च्यूनर चालक लड़ते-लड़ते ब्यास नदी में गिरे

ट्रैवलर और फॉर्च्यूनर चालक लड़ते-लड़ते ब्यास नदी में गिरे
हिमाचल प्रदेश के मंडी जिला में चंडीगढ़ मनाली नेशनल हाईवे पर रोड रेज का मामला सामने आया है. यहां पर मंडी से कुछ किलो मीटर आगे बिंद्राबणी में ट्रैवलर और पंजाब नंबर की फॉच्युनर गाड़ी के चालक के बीच मारपीट हो गई. घटना के दौरान ट्रैवलर और फॉच्युनर सवार परिवार के बीच ओवरटेक को लेकर खूनी संघर्ष देखने को मिला.

बताया जा रहा है कि ओवरटेक को लेकर दोनों चालक बीच रोड में आपस में भिड़ गए. देखते ही देखते दोनों में लड़ाई इतनी भयंकर हो गई कि दोनों चालक ब्यास नदी में जा गिरे. घटना बीती रात 9 बजे के करीब की बताई जा रही है. वहीं, उधर घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम, एसडीआरएफ और स्थानीय प्रशासन पर मौके पहुंच गया है. दोनों चालकों की तलाश की. लेकिन खबर लिखे जाने तक अभी किसी भी चालक का सुराग नहीं मिल पाया है.जानकारी के अनुसार, चंडीगढ़-मनाली नेशनल हाईवे पर पंजाब नंबर की फॉरच्युनर और हिमाचल नंबर की ट्रैवलर मनाली से पंजाब की ओर जा रहे थी. मंडी शहर से महज 3 किलोमीटर दूर बिंद्राबनी के पास दोनों गाड़ियों के चालक ओवरटेक को लेकर आपस में भिड़ गए.


लोगों ने पुलिस को दी सूचना
मौके पर मौजूद लोगों ने जैसे ही दोनों चालकों को ब्यास नदी में गिरते देखा तो तुरंत इसकी सूचना पुलिस व प्रशासन को दी. घटना की सूचना मिलने के उपरांत एसडीआरएफ स्थानीय पुलिस और प्रशासन मौके पर पहुंच गए हैं. बताया जा रहा है कि मौके पर पहुंची एसडीआरएफ की टीम को ब्यास नदी की ओर खून से सना हुआ जूता और एक मोबाइल मिला है. अंधेरा होने के कारण दोनों को तलाशने में दिक्कत आ रही है. सदर थाना प्रभारी सकीनी कपूर ने घटना की पुष्टि की है. उन्होंने बताया कि दोनों चालकों की तलाश जारी है.