news

आप ने शुरू की चुनाव की तैयारी, कांग्रेस अंतर्कलह में डूबी, भाजपा नई नियुक्तियों के साथ तैयार

आप ने शुरू की चुनाव की तैयारी, कांग्रेस अंतर्कलह में डूबी,
भाजपा नई नियुक्तियों के साथ तैयार 

वंदे भारत- (हर्ष शर्मा) पंजाब में आम आदमी पार्टी ने अपने पदाधिकारी बदलकर आगामी लोकसभा चुनाव की तैयारी शुरू कर दी है। प्रत्येक जिले के नए पदाधिकारी नियुक्त कर उन्हें नई जिम्मेदारी सौंपी गई है। कई पदाधिकारियों को बड़ी जिम्मेदारी दी गई है।

इससे स्पष्ट है कि आप ने चुनावी रण की सतह पर जाकर काम करना शुरू कर दिया है।

उधर, कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग और वरिष्ठ नेता नवजोत सिंह सिद्धू के बीच लकीरें खींचती चली जा रहीं हैं। कांग्रेस की गुटबाजी और अंतर्कलह ही हर बार चुनावी रण में हार का मुख्य कारण बनी है। इस कोल्ड वार का बढ़ना अब तय है क्योंकि प्रदेशाध्यक्ष ने बीते रोज सिद्धू के करीबी बताए जाने वाले मोगा से दो कांग्रेसी नेता को सस्पेंड कर दिया है।

प्रदेश प्रभारी के भी हाथ खड़े 

सिद्धू और राजा वड़िंग के बीच चल रही खींचतान को कम करने के लिए पार्टी हाईकमान ने कई बार प्रदेश प्रभारी देवेंद्र यादव को इसका जिम्मा सौंपा। देवेंद्र यादव ने पार्टी को एकजुट कर लेकर चलने के लिए दोनों नेताओं के बीच चल रहे इस कोल्ड वार को शांत करने के कई प्रयास किए, लेकिन सिद्धू खेमे और प्रदेश अध्यक्ष के बीच की गुटबाजी के आगे प्रदेश प्रभारी देवेंद्र यादव ने भी हाथ खड़े कर दिए हैं। बताया जा रहा है जल्द ही पार्टी हाईकमान प्रदेश कांग्रेस इकाई में बड़े स्तर पर बदलाव कर सकती है ताकि पार्टी को लोकसभा चुनाव में हार का सामना न करना पड़े।

भाजपा चुनाव प्रभारी रूपाणी वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं से करेंगे मुलाकात

प्रदेश में शिअद के साथ भाजपा का 25 साल पुराना गठबंधन खत्म होने के बाद अब पंजाब में भी भाजपा के लिए राह आसान नहीं होगी। पंजाब भाजपा के चुनाव प्रभारी विजय रूपाणी, सह प्रभारी नरेंद्र सिंह, प्रदेशाध्यक्ष सुनील जाखड़ की अध्यक्षता में पार्टी के वरिष्ठ नेताओं, जिला प्रधान और अन्य कार्यकर्ताओं से मुलाकात कर चुनावी रणनीति तैयार करेंगे। सूत्रों की मानें तो फरवरी के पहले सप्ताह में पंजाब भाजपा की ओर से चुनाव प्रभारी की अध्यक्षता में यह बैठक होगी। किसान मुद्दों पर गठबंधन से दूर हुए अकाली दल ने नए मुद्दों पर जमीन तलाशनी शुरू की है। यह प्रयोग कितना कारगर साबित होगा, यह चुनावी नतीजे ही बताएंगे।