news

किसान आंदोलन में CJI चंद्रचूड़ की एंट्री, खत लिखकर किस बात की लगाई गई गुहार

किसान आंदोलन में CJI चंद्रचूड़ की एंट्री
खत लिखकर किस बात की लगाई गई गुहार

वंदे भारत- ( आकांक्षा श्रीवास्तव ) किसान आंदोलन का मामला अब सुप्रीम कोर्ट तक पहुंच गया है. सुप्रीम कोर्ट बार एसोसिएशन (SCBA) ने चीफ जस्टिस डीवाई चंद्रचूड़ को किसान आंदोलन को लेकर पत्र लिखा है. इसमें बार एसोसिएशन ने किसानों के दिल्ली चलो मार्च को स्वत: संज्ञान लेकर एक्शन लेने का अनुरोध किया है.

बार एसोसिएशन ने CJI डीवाई चंद्रचूड़ को लिखे पत्र में किसान आंदोलन में गलत उद्देश्यों से शामिल किसानों के खिलाफ स्वत: संज्ञान लेते हुए कार्रवाई करने का अनुरोध किया गया है. इसके साथ ही इसमें सीजेआई चंद्रचूड़ से मांग की गई है कि किसानों के विरोध प्रदर्शन के कारण आज जो वकील कोर्ट में पेश ना हो पाए, उनके खिलाफ कोई प्रतिकूल आदेश पारित नहीं किया जाए.

SCBA की ओर से लिखे गए पत्र में कहा गया है कि किसानों के 2020-21 वाले आंदोलन के दौरान लोगों को बड़ी समस्याओं का सामना करना पड़ा था. इसके साथ ही इसमें दावा किया गया कि पिछले किसान आंदोलन की चलते कई लोगों की मौत भी हो गई थी. ऐसे में आज किसान दिल्ली की तरफ बढ़ रहे हैं. ऐसे आंदोलन में गलत उद्देश्य से शामिल किसानों पर स्वत संज्ञान लेकर कार्रवाई की जाए.

पंजाब-हरियाणा हाईकोर्ट में भी पहुंचा मामला

वहीं दूसरी तरफ किसान संगठनों के दिल्ली मार्च के मद्देनजर सीमाएं सील करने और मोबाइल इंटरनेट सेवाओं पर रोक लगाने के हरियाणा सरकार के फैसले के खिलाफ पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट में भी सोमवार को एक याचिका दायर की गई है.

इसमें याचिकाकर्ता उदय प्रताप सिंह ने अदालत से किसानों के विरोध प्रदर्शन के खिलाफ हरियाणा और पंजाब की सरकारों और केंद्र की सभी कार्रवाइयों पर रोक लगाने के लिए निर्देश देने का अनुरोध किया है. याचिका में आरोप लगाया गया है कि इन कदमों से मौलिक अधिकारों का उल्लंघन होता है और ये ‘असंवैधानिक’ हैं. इस मामले पर आज यानी मंगलवार को सुनवाई होने की उम्मीद है.