NRI युवक की पंजाब में गोली मारकर हत्या, साले के साथ शादी में गया था एनआरआई
वंदे भारत (हर्ष शर्मा) पठानकोट। नेशनल हाईवे पर एनआरआई की गोली मारकर हत्या करने का मामला सामने आया है।वारदात पठानकोट-अमृतसर नेशनल हाईवे पर गांव परमानंद के पास हुई। युवक कुछ दिन पहले ही ऑस्ट्रेलिया से भारत आया था। वारदात के समय वह अमृतसर में एक शादी समारोह से लौट रहा था।
मृतक एनआरआई की पहचान भोआ के गांव चक्क अमीर निवासी हरदेव सिंह पुत्र रमेश सिंह के रूप में हुई है। जिला पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। परिवार ने सोची-समझी साजिश के तहत हत्या का आरोप लगाया है। वहीं, वारदात की गंभीरता को देखते हुए पुलिस हर पहलू की जांच कर रही है।
मृतक हरदेव सिंह के रिश्तेदार दविंदर सिंह ने बताया कि हरदेव रविवार को अपने दोस्त की शादी समारोह में शामिल होने के लिए अमृतसर गया था। उसके साथ उसकी पत्नी का भाई बानू भी था। सोमवार सुबह राहगीरों से सूचना मिली थी कि हरदेव सिंह का शव हलका भोआ के गांव परमानंद हाईवे की सर्विस लेन पर पड़ा है। इसके बाद पारिवारिक सदस्य मौके पर पहुंचे तो देखा कि हरदेव सिंह की किसी ने गोली मारकर हत्या कर दी थी।
ऑस्ट्रेलिया में ट्रांसपोर्ट चलाता था मृतक, पत्नी भी विदेश में
मृतक हरदेव सिंह ऑस्ट्रेलिया में रहता था और तीन माह से छुट्टी पर अपने पैतृक गांव आया हुआ था। जिस युवक की शादी में हरदेव गया था वह उसी की ट्रांसपोर्ट में ड्राइवर की नौकरी करता था। मृतक अपने परिवार का अकेला बेटा था और उसके पिता की पहले ही मौत हो चुकी है। इतना ही नहीं उसकी पत्नी अभी विदेश में ही है।
साला पहले भी कर चुका है हमला
सूत्रों से पता चला है कि कुछ समय पहले ही हरदेव सिंह ने जनियाल गांव की रहने वाली युवती से लव मैरिज की थी। हरदेव की पत्नी का भाई इस लव मैरिज से खुश नहीं था। हरदेव 6 माह पहले विदेश से लौटा था तो उसने यहीं नई गाड़ी ली थी। उस समय हरदेव के साले ने कुछ लड़कों के साथ मिलकर गाड़ी के शीशे तोड़ दिए थे। तभी एक सरपंच की तरफ से दोनों का राजीनामा कराया गया था। हाल ही में जीजा-साले के बीच बोलचाल बढ़ी थी कि हरदेव की हत्या हो गई है। हालांकि पुलिस हरदेव के साले से भी पूछताछ कर रही है।

