जालंधर के काला संघियां में माँ ने अपने 3 साल के बच्चे सहित की आत्महत्या
स्थानीय कस्बे के गुरुद्वारा टांवी साहिब रोड पर स्थित घर में एक महिला द्वारा खुद को और अपने 3 साल के बच्चे को आग लगाने की खबर बहुत ही दुःखद है। मौके पर पहुंचकर मिली जानकारी के अनुसार प्रीति (उम्र करीब 26 साल) पत्नी तरलोचन सिंह उर्फ सन्नी जो कि अपने 3 साल के बच्चे परविंदर सिंह के साथ घर के ऊपर वाले कमरे में रह रही थी और उसका पति करीब 2 साल से दुबई गया हुआ है। आज दोपहर प्रीति ने अपने बच्चे के साथ खुद को आग लगा ली। जिस दौरान प्रीति की मौके पर ही मौत हो गई। पीड़ित बच्चे को काला संघियां के एक निजी अस्पताल ले जाया गया जहां पहुंचते ही बच्चे की भी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही काला संघियां के चौकी इंचार्ज एएसआई अमरजीत सिंह पुलिस पार्टी सहित मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी। उसके बाद सदर थाना कपूरथला की थाना प्रमुख इंस्पेक्टर प्रभजोत कौर भी मौके पर पहुंची। पुलिस ने बताया कि मृतक प्रीति के पिता अमरीक सिंह का बयान दर्ज कर लिया गया है। जांच जारी है और दोनों शवों को पुलिस ने कब्जे में ले लिया है। उन्होंने बताया कि मृतका के पिता ने घटना के लिए मृतका के पति और ससुराल वालों को जिम्मेदार ठहराया है, जिसके संबंध में कार्रवाई की जा रही है।

