breakingCrimePunjab

टायर गोदाम में भीषण आग, लाखों का नुकसान — एक दमकल कर्मी झुलसा

जालंधर के लम्मा पिंड चौक के पास स्थित एक टायर के गोदाम में सोमवार रात करीब नौ बजे भीषण आग लग गई। बताया जा रहा है कि आग लगने का कारण बिजली की तार में शॉर्ट सर्किट या पटाखों की चिंगारी हो सकता है। हालांकि पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

टायर और रबड़ जैसी अत्यधिक ज्वलनशील सामग्री के कारण आग ने तेजी से विकराल रूप ले लिया। कई किलोमीटर दूर से धुएं का घना गुबार दिखाई दे रहा था, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। गोदाम के ऊपर से गुजर रही हाई वोल्टेज बिजली की तारें भी आग की चपेट में आ गईं, जिसके बाद बिजली विभाग ने एहतियातन पूरे इलाके की सप्लाई बंद कर दी। आग के दौरान कई बार तेज धमाकों की आवाजें भी सुनाई दीं।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, गोदाम में केमिकल के ड्रम भी रखे हुए थे, जिनके फटने से आग और तेजी से फैल गई। आग की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की पांच गाड़ियां मौके पर पहुंचीं, लेकिन आग बेकाबू होती देख करीब 20 गाड़ियों को बुलाना पड़ा। करीब डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद दमकल कर्मियों ने आग पर काबू पाया।

इस हादसे में एक दमकल कर्मी झुलस गया, जिसे तुरंत सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों के अनुसार, उसकी हालत फिलहाल स्थिर है।

घटना की जानकारी मिलते ही डीसीपी नरेश डोगरा, थाना एक, दो, तीन, आठ, रामामंडी और पीसीआर की टीमों के साथ मौके पर पहुंचे और राहत कार्यों का निरीक्षण किया। पुलिस ने क्षेत्र को चारों ओर से घेरकर भीड़ को दूर रखा ताकि बचाव कार्य में कोई बाधा न आए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *