Crime

अमृतसर में कार सवारों पर की फायरिंग, जालंधर में घर के बाहर बैठे शख्स को मारी गोली

वंदे भारत– अमृतसर में गुरुवार सुबह पांच बजे रंजीत एवेन्यू-कचहरी चौक के बीच रेड क्रास के दफ्तर के पास दोपहिया वाहन सवार दो बदमाशों ने कार में जा रहे पांच डीजे वर्करों पर फायरिंग कर दी। फायरिंग में एक युवक जख्मी हो गया और उसे गुरु नानक देव अस्पताल में दाखिल करवाया गया है।एसीपी नार्थ वरिंदर सिंह खोसा ने बताया कि घटनास्थल के आगे और पीछे सड़क पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज लेकर जांच की जा रही है।

मोहकमपुरा निवासी सुनील कुमार ने बताया कि वह एक होटल में डीजे पार्टी में काम करता है। सुनील ने बताया कि चेतनपुरा गांव निवासी अमनदीप सिंह और कबीर, सोनू और जेक भी अलग-अलग होटलों में डीजे पार्टी के वर्कर के तौर पर काम करते हैं। आज सुबह करीब पांच बजे वे लोग अपने-अपने होटलों में डीजे का काम खत्म करने के बाद कार में सवार होकर कचहरी चौक की तरफ लौट रहे थे।

सुनील ने बताया कि जब वे रंजीत एवेन्यू स्थित होटल से जब रेड क्रास भवन के पास पहुंचे तो अज्ञात वाहन (स्कूटर या मोटरसाइकिल) पर आए बदमाशों ने कार पर चार-पांच बार फायरिंग की। एक गोली उनके पेट के निचले हिस्से में लगी। वारदात को अंजाम देने के बाद बदमाश भाग निकले। कार में सवार अन्य साथियों ने तुरंत उसे गुरु नानक देव अस्पताल में दाखिल करवाया। वहीं  एसीपी नार्थ वरिंदर सिंह खोसा ने कार सवार युवकों पर गोली चलाने की पुष्टि की। उन्होंने कहा कि पुलिस ने घटनास्थल के आगे और पीछे के रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज हासिल कर आरोपियों का पता लगाने में जुटी है।

 

घर के बाहर बैठे युवक पर हमलावरों ने मारी गोली

उधर, जालंधर देहात के गांव धोगड़ी में देर रात साढ़े 11 बजे सैर करने के बाद घर के बाहर बैठे युवक पर बदमाशों ने गोली चला दी। गोली उसकी बाईं जांघ पर लगी। उसे तुरंत सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहां हालत नाजुक देख निजी अस्पताल रेफर कर दिया गया। घायल माइन खत्री निवासी धोगड़ी के परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात हमलावरों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। थाना आदमपुर के प्रभारी मंदीप ने बताया कि परिवार ने उन्हें सूचना दी थी कि अज्ञात हमलावारों ने माइन को गोली मार दी है। परिजनों ने कहा कि बेटे की किसी से कोई रंजिश नहीं थी। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे खंगाल रही है।