तेज रफ्तार ट्रक ने सड़क पार करने के लिए खड़े भाई-बहन को रौंदा, बच्ची की मौत
तेज रफ्तार ट्रक ने सड़क पार करने के लिए खड़े भाई-बहन को रौंदा,
बच्ची की मौत
वंदे भारत- (जतिन चौहान)जालंधर बाइपास से कुछ ही दूरी पर जस्सियां कट के पास सोमवार को एक तेज रफ्तार ट्रक ने सड़क पार करने के लिए खड़े भाई-बहन को रौंद दिया। दर्दनाक हादसे के बाद आरोपी ट्रक चालक तो मौके से फरार हो गया, लेकिन दोनों भाई-बहन बुरी तरह से घायल हो गए। जब तक लोग कुछ कर पाते 7 साल की बच्ची की मौत हो गई थी, जबकि उसका पांच साल का भाई बुरी तरह से घायल हो गया। उसे राहगीरों ने किसी तरह से उठाकर सिविल अस्पताल दाखिल कराया। जहां उसकी हालत भी गंभीर बनी हुई है।

लोगों का आरोप है कि फोन करने के करीब डेढ़ घंटे बाद एंबुलेंस नहीं आई थी और चंद दूरी पर स्थित थाना सलेम टाबरी की पुलिस भी करीब सवा घंटे बाद पहुंची। पुलिस ने जांच के बाद बच्ची रिया (7) का शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया, जबकि ट्रक को काबू कर थाने ले गए। पुलिस आरोपी ड्राइवर का पता लगाने में जुटी है।

जानकारी के अनुसार चंदन कुमार और उसकी पत्नी पूजा कुमारी वहीं एक कोल्ड स्टोर में काम करते हैं और वहीं रहते हैं। पूजा अपने परिवार से मिल कर वापस आने लगी थी। जब वे अपने बच्चों के आ रही थी तो अचानक से दिल्ली की तरफ से आ रहा एक तेज रफ्तार ट्रक उनकी तरफ आ गया। इसी दौरान झटका खाकर पूजा पीछे जा गिरी और दोनों बच्चों को ट्रक ने रौंद दिया। जिससे दोनों बुरी तरह से घायल हो गए। बच्ची की तो मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पांच साल का लड़का यश बुरी तरह से घायल हो गया। उसे अस्पताल दाखिल कराया गया। बच्ची के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। जांच अधिकारी एएसआई हरमेश सिंह ने बताया कि आरोपी ट्रक चालक मौके से फरार हो गया है। ट्रक कब्जे में ले लिया गया है। बच्ची का शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है और बच्चे की हालत अभी गंभीर बताई जा रही है।

