केजरीवाल की अरेस्ट के बाद अब दिल्ली “आप” दफ्तर भी हुआ सील
वंदे भारत(हर्ष शर्मा) दिल्ली आबकारी नीति मामले में सीएम अरविंद केजरीवाल की ईडी की गिरफ्तारी के बाद से दिल्ली की राजनीति में भूचाल की स्थिति है। आम आदमी पार्टी का ईडी के इस एक्शन के खिलाफ विरोध प्रदर्शन पिछले तीन दिनों से जारी है।इस बीच चौंकाने वाली खबर यह है कि दिल्ली पुलिस ने आम आदमी पार्टी के दफ्तर को चारों तरफ से सील कर दिया है।आप सरकार में मंत्री सौरभ भारद्वाज ने दिल्ली पुलिस की इस कार्रवाई को संवैधानिक सिद्धांतों के खिलाफ बताया है।
सौरभ भारद्वाज ने कहा कि दिल्ली पुलिस ने दिल्ली सरकार मंत्री आतिशी और उन्हें आम आदमी पार्टी दफ्तर जाने से रोका। राउज ऐवेन्यू कोर्ट से आम आदमी पार्टी जाने वाले रास्ते पर हम लोगों को अंदर जाने से रोका। आम आदमी पार्टी कार्यालय को चारों तरफ से सील कर दिया गया है। लोकसभा चुनाव के दौरान किसी राष्ट्रीय पार्टी कार्यालय तक पहुंच कैसे रोकी जा सकती है?
दिल्ली पुलिस: हमने सील नहीं किया AAP का दफ्तर
आम आदमी पार्टी कार्यालय को सील करने को लेकर मचे बवाल के बीच दिल्ली पुलिस के सूत्रों का कहना है कि आप पार्टी का कोई आफिस सील नहीं किया गया है। क्योंकि उस इलाके में धारा 144 लगी है।लिहाजा, जो इसका उल्लंघन करेगा, उसके खिलाफ कार्रवाई होगी। पुलिस का कहना है कि आप वर्कर्स और नेताओं द्वारा लगातार धारा 144 का उलंघन किया जा रहा है, इसीलिए पुलिस को वहां बेरिकेट्स लगाकर चेकिंग करनी पड़ रही है।

