अकाली दल को लग सकता है झटका, IAS अफसर सहित ये दिग्गज नेता हो सकते हैं भाजपा में शामिल

वंदे भारत(हर्ष शर्मा) पंजाब की राजनीति से जुड़ी अहम खबर सामने आई है। जानकारी के अनुसार लोकसभा चुनाव से पहले शिरोमणि अकाली दल को बड़ा झटका लग सकता है। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार सिकंदर सिंह मलूका अपनी बहू आई.ए.एस. अफसर परमपाल कौर मलूका और बेटे गुरप्रीत सिंह मलूका के साथ जल्दी ही भाजपा में शामिल हो सकते हैं।
बताया जा रहा है कि गृह मंत्री अमित शाह के साथ मलूका की फाइनल बैठक हो चुकी है, जिसके बाद आई.ए.एस. परमपाल कौर ने अपने पद से इस्तीफा दिया है। सूत्रों का कहना है कि परमपाल कौर मलूका को भाजपा बठिंडा सीट से अपना प्रत्याशी घोषित कर सकती है। कहा जा रहा है कि मलूका अपनी बहू परमपाल कौर मलूका को बठिंडा से भाजपा की टिकट पर चुनाव लड़ाने की शर्त पर ही भाजपा में शामिल हो रहे हैं। इसके साथ ही सिंकदर सिंह मलूका को भी भाजपा द्वारा एक पद दिया जा सकता है। वहीं कहा जा रहा है कि सुखबीर सिंह बादल ने यह सूचना मिलने के बाद सिकंदर सिंह मलूका के साथ बैठक की है पर इसकी कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। सूत्रों का कहना है कि सुखबीर बादल द्वारा पूरा प्रयास किया जा रहा है कि मलूका परिवार शिरोमणि अकाली दल को छोड़कर न जाए।

