news

कांग्रेस- AAP में पंजाब को लेकर फंसा पेंच, अगली बैठकों में गठबंधन पर मुहर

कांग्रेस- AAP में पंजाब को लेकर फंसा पेंच,
अगली बैठकों में गठबंधन पर मुहर

वंदे भारत- सोमवार को कांग्रेस अलायंस की आम आदमी पार्टी नेताओं के साथ बैठक इस नतीजे पर खत्म हुई कि अगली बैठक में आज दिए मसौदों पर फैसला लिया जाएगा। सूत्रों की माने तो आप नेताओं ने आज सीटों पर अपने दावों के मसौदे रखे।

आप दिल्ली के अलावा पंजाब, हरियाणा, गुजरात में सीटों पर दावा कर रही है। पंजाब में आम आदमी पार्टी 10 सीटों पर अपना दावा कर रही है जबकि कांग्रेस यहां आठ सीटों पर पहले ही विजयी पार्टी के तौर पर अपना दावा छोड़ने के मूड में नहीं है। पार्टी की प्रदेश इकाई के कई बड़े नेताओं ने यह खुलकर कहा है कि वह आप से गठबंधन के पक्ष में नहीं हैं। हाई कमान ने हालांकि इन नेताओं को चुप जरूर करवा दिया है। वहीं सूबे में बैठकों का दौर व रायशुमारी जारी है।

आज बैठक के बाद कांग्रेस अलायंस के संयोजक मुकुल वासनिक ने कहा कि आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के साथ बैठक में विभिन्न मुद्दों पर चर्चा हुई और इस मामले को लेकर दोनों दलों के नेता फिर बैठक करेंगे तथा उसी में अंतिम फैसला किया जाएगा। उन्होने कहा कि हमने सीट शेयरिंग सहित सभी विषयों पर गहन चर्चा की है। कुछ दिन बाद हम फिर से बैठक करेंगे और सीट शेयरिंग की अंतिम चर्चा करेंगे। हम सभी मिलकर जोरदार तैयारी के साथ चुनाव लड़ेंगे और भाजपा को शिकस्त देंगे।

दोनों पार्टी के नेताओं के बीच करीबन ढ़ाई घंटे तक हर सीट पर चर्चा हुई। मुकुल वासनिक ने बैठक के बाद कहा, कांग्रेस तथा आम आदमी पार्टी इंडिया गठबंधन का मजबूत तथा महत्वपूर्ण हिस्सा है और आई.एन.डी.आई.ए. गठबंधन लोकसभा चुनाव में भाजपा को करारी शिकस्त देगा। बैठक में शामिल हुए कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अशोक गहलोत ने कहा, किसी को भी किसी की बातों में नहीं आना चाहिए। जब इतना बड़ा गठबंधन बनता है तो सभी को समझौता करना पड़ता है और बलिदान देना पड़ता है। कांग्रेस ने पहल की है और इस पहल से अच्छा संदेश गया।

सीटों के बंटवारे को लेकर प्रक्रिया चल रही है और यदि गठबंधन सफल होता है तो इसमें कोई आश्चर्य नहीं होना चाहिए कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सरकार नहीं बना पाएंगे। इससे एक ओर जहां संकेत मिल रहे हैं कि दोनों दलों के बीच सहमति बन सकती है तो वहीं यह भी अटकलें जोरों पर हैं कि अगर बात नहीं बनी तो आप और कांग्रेस अलग-अलग ही मैदान में उतरें।

लोकसभा 2019 में राजनीतिक दल-सीटें जीती- मत प्रतिशत—-2022 विस में प्राप्त मत

कांग्रेस——————08——–40.12 प्रतिशत- 22.98 प्रतिशत

भाजपा——————02——–09.63 प्रतिशत -6.60 प्रतिशत

शिरोमणी अकाली दल——–01——–27.45 प्रतिशत -18.38 प्रतिशत

आम आदमी पार्टी———–01——–7.38 प्रतिशत – 42.01 प्रतिशत