Crime

शराब पिला हाथ-पैर बांध कर नदी में फेंका, तीन गिरफ्तार, एक फरार

काम छोड़ने को लेकर रंजिश के चलते हत्या के प्रयास का आरोप संवाद न्यूज एजेंसी

वंदे भारत- थाना गढ़शंकर पुलिस ने एक व्यक्ति को अगवा कर उसकी हत्या करने की कोशिश करने के आरोप में तीन को गिरफ्तार किया है जबकि एक फरार हो गया।
एसएचओ गढ़शंकर हरप्रेम सिंह ने जारी प्रेस नोट में बताया कि हरी ओम पुत्र मोहनलाल निवासी दोबाइ जिला बदायूं उत्तरप्रदेश हाल निवासी मदन लाल निवासी कोट थाना गढ़शंकर ने अपने बयान में बताया कि वह ढिल्लों डेयरी बंगा रोड़ गढ़शंकर पर काम करता था। वहां से काम छोड़ने के बाद वह न्यू ढिल्लों डेयरी पर काम करने लगा। ढिल्लों डेयरी पर काम करने वाले ने कुछ दिनों के लिए काम छोड़ दिया तो वह फिर से वहां काम करने लगा। हरी ओम ने बताया कि काम छोड़ने के कारण ढिल्लों डेयरी का मालिक मदन लाल उससे रंजिश रखने लगा था।

उसने कहा कि 9 जुलाई को मदन लाल, उसका लड़का हरदीप उर्फ दीपू, दीपू का साला रवि कुमार उसे महिंद्रा गाड़ी में बिठाकर हिमाचल प्रदेश की ओर यह कहकर ले गए कि कहीं शादी पर जाना है। सब इंस्पेक्टर हरप्रेम सिंह ने बताया कि हरी ओम ने बताया कि वह उसे लेकर हिमाचल प्रदेश के संतोषगढ़ ले गए यहां उन्होंने हरी ओम को शराब पिलाकर मारपीट की ओर उसके हाथ पांव गमछे से बांधकर स्वां नदी के पानी में फेंक दिया। हरी ओम ने बताया कि वह पूरी रात एक पेड़ को पकड़कर बैठा रहा और सुबह राहगीरों व हरोली पुलिस ने उसे निकालकर इलाज करवाने के बाद गढ़शंकर पुलिस के हवाले कर दिया। सब इंस्पेक्टर हरप्रेम सिंह ने बताया कि हरी ओम के बयान पर मदन लाल, हरदीप उर्फ दीपू पुत्र मदन लाल निवासी कोट, रवी कुमार पुत्र हरबंस लाल निवासी कांनेवाल व करनजीत सिंह उर्फ कर्ण पुत्र सरबजीत सिंह निवासी वार्ड नं 1 गढ़शंकर के विरुद्ध मामला दर्ज कर गिरफ्तार किया गया है जबकि मदन लाल को पकड़ने के लिए दबिश दी जा रही है।