Political

पंजाब भाजपा अध्यक्ष जाखड़ ने संभाला कार्यभार

वंदे भारत- भारतीय जनता पार्टी पंजाब के नवनियुक्त अध्यक्ष सुनील जाखड़ ने कार्यभार संभालते ही ऐलान किया है कि पंजाब में भाजपा किसी के साथ गठबंधन नहीं करेगी।सुनील जाखड़ ने मंगलवार को चंडीगढ़ स्थित प्रदेश कार्यालय में पहुंचकर पदभार ग्रहण किया।

इस मौके पर पंजाब भाजपा प्रभारी विजय रूपाणी और केंद्रीय मंत्री सोम प्रकाश विशेष रूप से उपस्थित रहे। जाखड़ के ताजपोशी कार्यक्रम में पंजाब भाजपा के पूर्व अध्यक्ष अश्विनी शर्मा, कैप्टन अमरिंदर सिंह और मनप्रीत बादल जैसे वरिष्ठ नेता नदारद रहे।

अध्यक्ष पद संभालते ही सुनील जाखड़ ने कहा कि पंजाब में भाजपा को मजबूत करना और कार्यकर्ताओं को केंद्र सरकार की नीतियों से अवगत कराना पहला एजेंडा रहेगा।उन्होंने कहा कि पंजाब में आने वाले चुनाव में पार्टी के पुराने साथी रह चुके शिरोमणि अकाली दल के साथ किसी सूरत में कोई समझौता नहीं होगा। जाखड़ ने स्पष्ट कर दिया कि अब भाजपा पंजाब की सभी सीटों पर अपने बलबूते चुनाव लड़ेगी। भाजपा अब अकाली दल के साथ छोटे भाई की भूमिका में नहीं बल्कि उसे टक्कर देने के लिए मैदान में उतरेगी।

कार्यक्रम में मौजूद लोगों में मुख्यधारा के पार्टी के इन नेताओं की गैर मौजूदगी पर काफी चर्चा चल रही थी। सुनील जाखड़ ने आज अपना पदभार पूरे हिंदू रीति रिवाज के अनुसार संभाला। पंडितों को बुलाकर भाजपा के दफ्तर में मंत्रोच्चारण करवा कर पहले पूजा पाठ करवाया। उसके बाद कार्यक्रम में जाकर अपना पदभार संभाला और अध्यक्ष की कुर्सी पर बैठे।