आज से बाजार में देखने को मिलेगे दशहरी आम
आमों का राजा कहा जाने वाला दशहरी शनिवार से बाजार में आ जाएगा। उत्तर प्रदेश के फल पट्टी क्षेत्र मलिहाबाद- काकोरी में आम की मंडी सज गई है और शनिवार से इसकी बिक्री शुरू हो जाएगी। हालांकि अभी दशहरी आमों की खेप बाहर ही भेजी जाएगी। स्थानीय बाजारों में इसे लोग 25 मई से खरीद सकेंगे। कारोबारियों का कहना है कि अभी बाजार में पाल का दशहरी ही आएगा जिसकी तोड़ाई का काम जोरों पर

बीते एक सप्ताह से चल रहा है। डाल की दशहरी बाजार में 5 जून के आसपास आएगी। मलिहाबाद में आम की अस्थायी मंडी पहली जून से काम करने लगेगी। पहली ही लॉट में पाल की दशहरी के दाम 60 रुपये से ऊपर खुले हैं। माना जा रहा कि स्थानीय बाजारों में फसल आने तक इसके भाव 50 रुपये किलो तक हो जाएंगे।
हालांकि पिछले साल भी बेमौसम बारिश के कारण आम की फसल को नुकसान पहुंचा था तो उसके मुकाबले तो पैदावार में कमी नही आएगी पर सामान्य दिनों की अपेक्षा जरुर कम रहेगी। बादवानों का कहना है कि बौर के हिसाब से जो पैदावार होनी थी उसमें 25 से 30 फीसदी कमी आएगी पर वॉल्यूम के हिसाब से यह पिछले साल के मुकाबले कुछ बेहतर ही रहेगा।

कारोबारियों का कहना है कि सीजन शुरु होने से पहले ही मुंबई, दिल्ली, नाशिक और केरल से भरपूर ऑर्डर आ चुके हैं। इसके अलावा विदेशों से भी दशहरी निर्यात के लिए मांग आई है।

