Crime

मोगा में इंटरनेशनल कबड्डी खिलाड़ी कुलविंदर किंदा के घर पर हमला, मां घायल, लुधियाना DMC रेफर

वंदे भारत– मोगा के बधनी कलां में बुधवार देर रात इंटरनेशनल कबड्डी खिलाड़ी कुलविंदर किंदा के घर पर कुछ अज्ञात लोगों ने हमला कर दिया। हमले में कुलविंदर की माता रसपाल कौर बुरी तरह से घायल हो गई, जिन्हें मोगा सरकारी अस्पताल ले जाया गया।
हालत गंभीर होने पर उन्हें लुधियाना डीएमसी रेफर कर दिया गया।

कुलविंदर किंदा अपने परिवार के साथ मोगा के बदनी कलां में रहते हैं। रात की घटना के बाद पूरा परिवार लुधियाना डीएमसी में है। इस घटना के बाद कुलविंदर किंदा ने एक वीडियो शेयर किया जिसमें उन्होंने आरोप लगाया कि कबड्डी खेल को लेकर आपसी रंजिश में उनके घर पर हमला किया गया। सूचना मिलने के बाद मौके पर डीएसपी निहाल सिंह वाला मंजीत सिंह पहुंचे और मामले की जांच शुरू की।
डीएसपी मंजीत सिंह ने बताया कि बीती रात खिलाड़ी कुलविंदर किंदा के घर पर अज्ञात लोगों द्वारा हमला करने की सूचना मिली थी, जिसमें किंदा की माता गंभीर रूप से जख्मी हो गई हैं। मामले की जांच की जा रही है, जो भी सामने आएगा, उसके हिसाब से कार्रवाई की जाएगी।