फ्लाइट में इसरो प्रमुख एस सोमनाथ का जोरदार स्वागत, अटेंडेंट सहित यात्रियों ने खूब बजाई ताली | देखें वीडियो
वंदे भारत-चांद के दक्षिणी ध्रुव पर चंद्रयान-3 की सफलतापूर्वक लैंडिंग के बाद से ही इसरो के वैज्ञानिकों की देश दुनिया में तारीफ हो रही है. इस मिशन से जुड़े वैज्ञानिकों का जगह-जगह खूब सम्मान भी किया जा रहा है.
इसी कड़ी में भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (ISRO) प्रमुख एस. सोमनाथ का एक वीडियो सामने आया है, जिसमें वो इंडिगो की फ्लाइट में यात्रा कर रहे हैं. इसी दौरान फ्लाइट में ही उनका सम्मान शुरू हो गया. यह जानकारी मिलते ही कि इसरो प्रमुख एस. सोमनाथ फ्लाइट में है अटेंडेंट उनके भव्य सम्मान के लिए पहुंच गईं. मौके पर मौजूद अन्य यात्रियों ने भी एस. सोमनाथ के लिए खूब तालियां बजाईं.

भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (ISRO) प्रमुख एस. सोमनाथ के इस वीडियो को एयर होस्टेस पूजा शाह ने अपने इंस्टाग्राम एकाउंट पर अपलोड किया है. वायरल हो रहे इस वीडियो में देख सकते हैं कि एयर होस्टेस कहती दिख रही है, "फ्लाइट में इसरो अध्यक्ष एस सोमनाथ की उपस्थिति की घोषणा करते हुए हमें काफी खुशी हो रही है. एस सोमनाथ और उनकी टीम का तालियों से स्वागत करें. आपके इस फ्लाइट में सवार होने पर हमें गर्व है सर. भारत को गौरवान्वित करने के लिए बहुत-बहुत धन्यवाद." एयर होस्टेस के इतना कहते ही एक और अटेंडेंट एस सोमनाथ के पास पहुंची और कुछ चीजें भेंट की. उन्होंने भी काफी हंबल होकर चीजों को स्वीकार किया.
लोगों ने खूब बजाईं तालियां
दूसरी ओर एस. सोमनाथ के लिए फ्लाइट में अन्य यात्रियों ने जमकर तालियां बजाईं. इस सम्मान से इसको प्रमुख भी काफी खुश नजर आए. इससे पहले भी एयर होस्टेस पूजा शाह का एक वीडियो सामने आया था जिसमें वो चंद्रयान-3 की सफलता पर फ्लाइट में यात्रियों को इसकी सूचना देती नजर आईं. चंद्रयान-3 के सफल लैंडिंग के बाद से इसरो प्रमुख के कई वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो चुके हैं.

बता दें कि चंद्रयान-3 को इसरो ने बीते 23 अगस्त को चांद के दक्षिणी ध्रुव पर सफलतापूर्वक लैंडिंग कराया था. भारत ऐसा करने वाले पहला देश बन गया है. जबकि चांद की तरह पर सॉफ्ट लैंडिंग करने वाला भारत चौथा देश बना है.
