जालंधर: सतलुज दरिया में आई बाढ़ से हुसैनीवाला बाॅर्डर से सटे गांव पानी की चपेट में
वंदे भारत- कालू वाला पानी में पूरी तरह डूबा, वहां के लोगों को मोटर बोट से निकालासंवाद न्यूज एजेंसी फिरोजपुर। भाखड़ा व पौंग बांध से छोड़े गए पानी से सतलुज दरिया में आई बाढ़ से हुसैनीवाला बाॅर्डर से सटे गांवों में पानी घुस गया है.

कालू वाला गांव पूरी तरह डूब चुका है, वहां से लोगों को मोटर बोट के जरिये सुरक्षित जगह तक पहुंचाया है। गांव चांदी वाला व भाने वाला की सड़क से पानी क्रास कर रहा है। जिस तरह हरिके हेड से दोपहर एक बजे दो लाख 29 हजार 249 क्यूसेक पानी छोड़ा है, उससे बहुत से गांवों को नुकसान पहुंचेगा। ग्रामीणों को सुरक्षित जगहों पर जाने की अपील की गई है।

डीसी राजेश धीमान ने कहा कि हरिके हेड से दो लाख 29 हजार 249 क्यूसेक पानी छोड़ा है, ये पानी हुसैनीवाला हेड पहुंचा है। कुछ दिन पहले जिन गांवों में बाढ़ आई थी वही गांव फिर से दोबारा प्रभावित हुए हैं। इन गांवों में एनाउंसमेंट करवा दी गई थी कि लोग सुरक्षित जगहों पर पहुंच जाएं। बीएसएफ ने भी मोटर बोट के जरिये कई गांवों से लोगों को सुरक्षित जगहों तक पहुंचाया है। सेना की टुकड़ी भी पहुंच रही है। शाम तक पानी और बढ़ने की संभावना है। 33 हजार एकड़ जमीन में लगी फसल बर्बाद हो चुकी है। कई किसानों ने दोबारा धान लगाई है, वह भी खराब हो चुकी है। लोगों के लिए राहत कैंप स्थापित किए हैं। लंगर की व्यवस्था की गई है। पशुओं के लिए हरे चारे का प्रबंध किया है। जरूरतमंद को तिरपालें दी जा रही हैं। गांव चांदीवाला, टिंडी वाला, कालूवाला, भाने वाला, राजोके गट्टी, निहाला लवेरा, रूकने वाला व बग्गे वाला पानी की चपेट में आ चुके हैं।
