कपिल शर्मा फिर बने ‘दूल्हा’! जानिए कौन है आखिर कपिल की नई दुल्हन

नई दिल्ली: मशहूर कॉमेडियन कपिल शर्मा इन दिनों अपनी आगामी फिल्म ‘किस किस को प्यार करूं 2’ के प्रमोशन में व्यस्त हैं। यह फिल्म 12 दिसंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है। फिल्म में कपिल के साथ हीरा वरीना, आयशा खान, तृिधा चौधरी, मनजोत सिंह और पारुल गुलाटी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। फिल्म का निर्देशन और लेखन अनुकल्प गोस्वामी ने किया है, जबकि निर्माण रतन जैन, गणेश जैन और अब्बास–मस्तान ने किया है।
प्रमोशन के दौरान कपिल हाल ही में ‘इंडियन आइडल’ के मंच पर पहुंचे, जहां उनका स्वागत बेहद अनोखे अंदाज में किया गया। शो के होस्ट आदित्य नारायण ने उन्हें मजाकिया लहजे में ‘जीजाजी’ कहकर बुलाया। सेट पर पूरा शादी का मंडप सजाया गया था—फेरों के लिए हवन कुंड, सजावटी फूल और लाल जोड़े में बैठी एक दुल्हन तक! यह देखकर कपिल खुद हैरान रह गए और पूछा– “ये क्या हो रहा है?”
आदित्य नारायण ने मज़ाक में बताया कि यह शादी कपिल और उनकी “बहन” की है और दोनों के “बच्चे” भी हैं। माहौल पूरी तरह हास्य से भरा हुआ था। जब कपिल ने दुल्हन का घूंघट हटाया, तो सामने चैनल का एक कार्ड लगा हुआ था, जिसे देखकर सभी हंस पड़े।
इस मौके पर कपिल ने गायिका श्रेया घोषाल के साथ मिलकर “तुम आ गए हो तो…” गीत भी गाया। ‘इंडियन आइडल’ के आने वाले एपिसोड का यह प्रोमो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है और दर्शक इसे देखकर भरपूर मनोरंजन ले रहे हैं।

