अमृतसर सरपंच हत्याकांड में पंजाब पुलिस की बड़ी कार्रवाई
12..jan..अमृतसर में हुए सरपंच हत्याकांड को लेकर पंजाब पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। घटना के बाद से फरार चल रहे दोनों मुख्य शूटरों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। इस कार्रवाई को अपराध के खिलाफ राज्य सरकार की ज़ीरो टॉलरेंस नीति के तहत एक अहम कदम माना जा रहा है।
पंजाब के पुलिस महानिदेशक (DGP) गौरव यादव ने इस मामले में बयान जारी करते हुए कहा, “पंजाब में अपराध को लेकर ज़ीरो टॉलरेंस नीति पर सख्ती से अमल किया जाता है। कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।” उन्होंने बताया कि पुलिस की कई टीमें लगातार आरोपियों की तलाश में जुटी हुई थीं और तकनीकी निगरानी व खुफिया जानकारी के आधार पर दोनों शूटरों को गिरफ्तार किया गया।

गौरतलब है कि कुछ दिन पहले अमृतसर जिले में अज्ञात हमलावरों ने दिनदहाड़े सरपंच की गोली मारकर हत्या कर दी थी। इस वारदात से इलाके में दहशत का माहौल बन गया था और राजनीतिक व सामाजिक हलकों में भी भारी रोष देखने को मिला था। घटना के तुरंत बाद पंजाब पुलिस ने विशेष जांच दल (SIT) का गठन कर जांच शुरू की थी।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार गिरफ्तार किए गए आरोपियों से पूछताछ जारी है और हत्या के पीछे की साजिश, हथियारों की सप्लाई और अन्य सहयोगियों के बारे में अहम खुलासे होने की संभावना है। पुलिस ने यह भी संकेत दिया है कि इस मामले में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।
इस कार्रवाई के बाद स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली है और पुलिस की तत्परता की सराहना की है।
