रेलवे का आम यात्रियों को तोहफा: जनरल और नॉन-एसी कोचों की संख्या में बंपर बढ़ोतरी, सफर होगा आसान और सस्ता ।
आम यात्रियों को भीड़भाड़ से राहत मिलेगी
नई दिल्ली:
भारतीय रेलवे ने आम यात्रियों को बड़ी राहत देते हुए ट्रेनों में जनरल और नॉन-एसी स्लीपर कोचों की संख्या बढ़ाने का फैसला किया है। यह फैसला उन करोड़ों यात्रियों के लिए बड़ी खुशखबरी है जो रोजाना जनरल टिकट लेकर घंटों खड़े होकर सफर करने को मजबूर होते हैं।
रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने संसद में जानकारी दी कि रेलवे अब ट्रेनों में बिना एसी वाले कोचों की संख्या में बड़ा इजाफा कर रहा है। वर्तमान में 70% से अधिक कोच नॉन-एसी हैं, और अब हर ट्रेन में औसतन 12 कोच नॉन-एसी जनरल और स्लीपर होंगे, जबकि एसी कोचों की संख्या घटकर लगभग 8 रह जाएगी।

जनरल डिब्बों की संख्या में होगी बढ़ोतरी
साल 2024-25 में भारतीय रेलवे ने लंबी दूरी की ट्रेनों में करीब 1,250 नए जनरल कोच जोड़े हैं। यह कदम गरीब और मध्यम वर्ग के यात्रियों को ध्यान में रखकर उठाया गया है, ताकि वे कम किराए में आरामदायक सफर कर सकें। आने वाले 5 वर्षों में 17,000 अतिरिक्त जनरल और स्लीपर कोच तैयार करने के लिए एक विशेष मैन्युफैक्चरिंग प्रोग्राम शुरू किया गया है। इससे ट्रेनों में जगह की कमी दूर होगी और बिना आरक्षण यात्रा करना भी आसान हो जाएगा।

