सिद्धू मूसेवाला के पिता ने सरकार को सौंपे बच्चे के दस्तावेज

वंदे भारत(हर्ष शर्मा) दिवंगत गायक सिद्धू मूसेवाला की माता चरण कौर और नन्हें शुभदीप सिंह सिद्धू को अस्पताल से छुट्टी मिल गई है। वहीं सिद्धू मूसेवाला के पिता बलकौर सिंह ने नवजात बच्चे से जुड़े सभी दस्तावेज प्रदेश सरकार को सौंप दिए हैं।
केंद्र और राज्य सरकार से नोटिस मिलने के बाद सिद्धू मूसेवाला के पिता बलकौर सिंह ने नवजात बच्चे से जुड़े सभी दस्तावेज सौंप दिए हैं। अगर सरकार और जानकारी मांगेगी तो वह भी उपलब्ध कराएंगे। बलकौर सिंह ने भी माना है कि आईवीएफ का विदेश में इलाज हुआ और बच्चे का जन्म पंजाब में हुआ। इतना ही नहीं, आईवीएफ के जरिए गर्भवती होने के बाद सरकारी अस्पताल में जरूरी इलाज भी कराया गया। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने पंजाब सरकार को पत्र लिखकर मामले पर रिपोर्ट मांगी है। पत्र में सहायक प्रजनन प्रौद्योगिकी अधिनियम का उल्लेख है। इन विट्रो फर्टिलाइजेशन (आईवीएफ) तकनीक के जरिए बच्चा पैदा करने के लिए महिला की उम्र 21 से 50 साल के बीच होनी चाहिए, लेकिन सिद्धू की मां चरण कौर 58 साल की उम्र में इस तकनीक के जरिए गर्भवती हुईं और एक बच्चे को जन्म दिया है।

