Crime

लुधियाना में हवालात का ताला तोड़कर भागे दो हवालाती दिल्ली से पकड़े गए, मददगार भी गिरफ्तार

वंदे भारत- थाना डिवीजन नंबर तीन के हवालात का ताला तोड़कर फरार हुए दोनों हवालातियों को नई दिल्ली से गिरफ्तार कर लिया गया है। उन्हें दिल्ली ले जाने तथा पनाह देने के आरोप में उनके दो अन्य साथियों को भी गिरफ्तार किया गया है।

आज अदालत में होगी पेशी
आरोपितों को गिरफ्तार करने के लिए दिल्ली गई पुलिस की टीम मंगलवार दोपहर वापस लौटी। आरोपितों को बुधवार को अदालत में पेश किया जाएगा। जेसीपी सौम्या मिश्रा ने बताया कि फरार हुए हवालातियों की पहचान भामियां कलां निवासी कमल कुमार तथा ग्यlसपुरा के शिव शक्ति स्कूल के पास रहने वाले दीपक कुमार उर्फ मुनीष कुमार के रूप में हुई। उनकी मदद करने के आरोप में पकड़े गए आरोपित ग्यासपुरा के पीपल चौक निवासी मोहम्मद सद्दाम उर्फ डब्बू तथा लौहारा के पीपल चौक निवासी विजय कुमार के रूप में हुई। पुलिस की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर नई दिल्ली के मायापुरी इलाके में दबिश देकर चारों को काबू किया।

आरोपित पिछले 4 दिनों से दिल्ली में जगह बदल-बदल कर रह रहे थे। थाना डिवीजन नंबर 3 पुलिस ने लूट व छीना झपटी के दो अलग-अलग मामलों में कमल कुमार, दीपक कुमार और जसविंदर सिंह को काबू किया था, जिन्हें अदालत में पेश कर रिमांड पर लिया गया। पलिस ने पूछताछ के बाद तीनों आरोपितों को हवालात में बंद कर दिया। पुलिस की लापरवाही यह रही कि आरोपित हवालात में जाते समय अपने साथ एक पाना छिपा कर ले गया। 19 जुलाई की रात को डेढ़ बजे एक आरोपित ने हवालात की सलाखों में से हाथ निकाल कर ताला तोड़ दिया और थाने की पिछली दीवार फांद कर फरार हो गए। पुलिस कर्मचारियों को जब पता चला तो उनको पकड़ने के प्रयास शुरू हुए तो टिब्बा रोड निवासी जसविंदर सिंह को पुलिस ने मौके पर ही पकड़ लिया, जबकि दोनों फरार होने में सफल हो गए। घटना के बाद कड़ा संज्ञान लेते हुए पुलिस कमिश्नर मनदीप सिंह सिधू ने थाना प्रभारी संजीव कपूर को लाइन हाजिर कर दिया, जबकि रात के मुंशी और संतरी के खिलाफ आपराधिक मामला दर्ज किया गया।

आरोपितों पर पहले से दर्ज हैं केस

दीपक कुमार: असली नाम मुनीष कुमार है। थाना साहनेवाल में फरवरी 2021 को अपहरण व हत्या का एक मामला दर्ज हुआ था, जिसमें वो वारदात के बाद से फरार चल रहा था। उस मामले में दो आरोपित जेल भेजे जा चुके हैं, और अदालत ने उसे भगोड़ा घोषित कर रखा था।

मोहम्मद सद्दाम: थाना शिमला पुरी में लूटपाट का एक मामला दर्ज है, जिसमें वो पुलिस को वांछित था। फरवरी 2018 में दर्ज हुए उस मामले में अदालत उसे भगोड़ा करार दे चुकी है।

विजय कुमार: वह कैंटर ट्रक चलाने का काम करता है और सद्दाम का दोस्त है। थाने से फरार होने के बाद कमल और दीपक सीधा सद्दाम के पास पहुंचे थे। जिसके बाद तीनों विजय के कैंटर ट्रक में बैठ कर लुधियाना से दिल्ली पहुंचे थे। विजय कुमार का कोई पुराना रिकार्ड सामने नहीं आया है।