रेप पीड़िता से अश्लील हरकत मामले में SHO भूषण कुमार पर गिरी गाज, महिला आयोग ने SSP को भेजा नोटिस

जालंधर के फिल्लौर थाने के एसएचओ भूषण कुमार पर गंभीर आरोप लगने के बाद अब मामला तूल पकड़ता जा रहा है। सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो में आरोप लगाया गया है कि भूषण कुमार ने रेप पीड़ित नाबालिग लड़की और उसकी माता के साथ अश्लील हरकतें कीं। इस घटना के बाद पंजाब राज्य महिला आयोग ने स्वत: संज्ञान लेते हुए जालंधर के एसएसपी को नोटिस जारी किया है।
महिला आयोग ने कहा कि यह मामला महिलाओं के सम्मान और अधिकारों के गंभीर उल्लंघन से जुड़ा है। आयोग ने पंजाब राज्य महिला आयोग अधिनियम, 2001 की धारा 12 के तहत अपनी शक्तियों का प्रयोग करते हुए जांच के आदेश दिए हैं। आयोग ने एसएसपी को निर्देश दिया है कि डिप्टी सुपरिंटेंडेंट ऑफ पुलिस (डीएसपी) रैंक के अधिकारी से मामले की जांच करवाई जाए और रेप आरोपी तथा एसएचओ भूषण कुमार के खिलाफ तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
आयोग ने यह भी कहा है कि जांच अधिकारी की स्थिति रिपोर्ट प्रस्तुत की जाए और दोनों पक्षों—पीड़ित परिवार तथा पुलिस अधिकारी—को 13 अक्टूबर 2025 को सुबह 11 बजे आयोग के कार्यालय में उपस्थित होना सुनिश्चित किया जाए। आयोग ने साफ किया कि महिलाओं की गरिमा के साथ कोई समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

