प्रोटोकॉल फेल! राज्यपाल ने गलत दिशा में चलाई पिस्टल, मचा हड़कंप
22.दिसंबर ..पश्चिम बंगाल के राज्यपाल सीवी आनंद बोस उस समय चर्चा में आ गए, जब कोलकाता में आयोजित ‘वर्ल्ड एथलेटिक्स गोल्ड लेबल रेस’ के उद्घाटन के दौरान उनसे एक गंभीर चूक हो गई। आमतौर पर इस तरह के आयोजनों में रेस को हरी झंडी दिखाकर शुरू किया जाता है, लेकिन राज्यपाल ने स्टार्टिंग पिस्टल से फायर कर दिया। हैरानी की बात यह रही कि पिस्टल को हवा में ऊपर की ओर चलाने के बजाय उन्होंने ट्रिगर बिल्कुल अपने चेहरे के सामने दबा दिया।
घटना के दौरान राज्यपाल के साथ मौजूद उनके एडीसी लगातार उन्हें निर्देश दे रहे थे कि पिस्टल को सिर के ऊपर ले जाकर हवा में फायर किया जाए। इसके बावजूद गलत दिशा में फायर होने से पास खड़े अधिकारी और सुरक्षाकर्मी घबरा गए। सौभाग्य से इस घटना में कोई घायल नहीं हुआ, लेकिन एक बड़ी दुर्घटना की आशंका जरूर पैदा हो गई।
इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। लोग इस पर तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं। कई यूजर्स ने इसे प्रोटोकॉल और सुरक्षा मानकों की अनदेखी बताया, जबकि कुछ ने इसे पीआर कल्चर और प्रतीकात्मक आयोजनों में जल्दबाजी का नतीजा करार दिया।
विशेषज्ञों का मानना है कि इस घटना ने एक बार फिर सार्वजनिक आयोजनों में सुरक्षा प्रशिक्षण और स्पष्ट दिशानिर्देशों की आवश्यकता को उजागर किया है।

