अगले 4 दिनों तक 10 राज्यों में बारिश के आसार:11 दिन से रुका मानसून आगे बढ़ा, दिल्ली में 5 डिग्री कम पारा दर्ज हुआ
नौतपा के छठे दिन भी मौसम ठंडा रहा। पिछले 11 दिनों से रुका मानसून बंगाल की खाड़ी में आगे बढ़ा है। राजस्थान, मध्य प्रदेश, पंजाब, हिमाचल प्रदेश, उत्तर प्रदेश, गुजरात, दिल्ली, उत्तराखंड, हरियाणा और उत्तराखंड में अगले चार दिन हल्की से भारी बारिश होने के आसार हैं।
केरल में आमतौर पर मानसून एक जून के आसपास पहुंच जाता है और जुलाई मध्य तक पूरे देश को कवर कर लेता है। इस साल केरल में मानसून की शुरुआत में थोड़ी देरी होने की संभावना है। इधर, दिल्ली में मंगलवार को अधिकतम तापमान औसत से पांच डिग्री नीचे दर्ज किया गया है।
राजस्थान के जयपुर में 3 जून तक बादल छाए रहेंगे
मौसम विभाग के मुताबिक, 3 जून तक राजस्थान के जयपुर में बादल छाए रहने और बारिश के आसार हैं। पश्चिमी विक्षोभ के असर से मंगलवार को जयपुर में दिनभर बादल छाए रहे। दोपहर बाद कुछ देर के लिए धूप खिली, लेकिन बारिश नहीं हुई। इसके असर से दिन का तापमान सामान्य से 8.8 डिग्री नीचे चला गया।

मध्यप्रदेश में नौतपा के छठवें दिन भी मौसम के तेवर ठंडे रहे
मध्यप्रदेश के भोपाल में मंगलवार को नौतपा के छठवें दिन भी मौसम के तेवर ठंडे ही रहे। दोपहर बाद शहर के कई हिस्सों में फुहारें पड़ी। इस साल पारे की चाल भी सुस्त है, क्योंकि मई में 333 फीसदी ज्यादा बारिश हो चुकी है। तापमान में इजाफे के बावजूद पारा 40 डिग्री से ऊपर नहीं पहुंच पा रहा है। दिन का तापमान 39.1 डिग्री दर्ज किया गया था।
दिल्ली में मौसम विभाग के मुताबिक, बुधवार को भी आंशिक रूप से बादल छाए रहने और हल्की बारिश व गरज के साथ तेज हवा चलने का अनुमान है। मंगलवार शाम अचानक बारिश और आंधी आई। इस दौरान हवाओं की स्पीड 70 से 80 KMPH रही
हरियाणा के 10 जिलों में सुबह से आंधी-बारिश, 37 साल बाद मई सबसे ठंडा रहा
हरियाणा के 10 जिलों में सुबह से ही बूंदाबांदी और आंधी का दौर चल रहा है। रात को महेंद्रगढ़ में जहां 15 एमएम बारिश दर्ज हुई है, वहीं सोनीपत, रेवाड़ी, गुरुग्राम, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र व फतेहाबाद में भी बारिश हुई। अगले कुछ घंटों में 10 जिलों में 40 से 50 KMPH की रफ्तार से आंधी और बारिश होने की संभावना है
